डाला में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता के प्रतिभागी के साथ अतिथिगण। स्रोत स्वयं
डाला। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय भटौलिया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बृहस्पतिवार को संत जेवियर्स पब्लिक स्कूल डाला में आयोजित प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। वहीं सीनियर वर्ग में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज राॅबर्ट्सगंज के सूर्यकांत की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। प्रतियोगिता में जिले की 100 टीमों ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में रोहित प्रजापति की टीम प्रथम, आर्यन की टीम द्वितीय और शिवम की टीम तृतीय स्थान पर रही। एक ही परिषदीय विद्यालय के विद्यार्थियों का तीनों शीर्ष स्थानों पर कब्जा करना प्रतियोगिता का खास आकर्षण रहा। सीनियर वर्ग में संत जेवियर्स पब्लिक स्कूल डाला के आर्यांश अग्रवाल की टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।