दुद्धी के नगवां गांव में जन चौपाल को सम्बोधित करते जीतसिंह खरवार-संवाद
म्योरपुर। अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने मंगलवार को लखनऊ में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात कर जिले की कई जनसमस्याओं पर बात की। साथ ही ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द समाधान का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान कनहर परियोजना से जुड़े नहर निर्माण के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। जीत सिंह खरवार ने मांग की कि नहर निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण से प्रभावित ऐसे लोग, जिन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उनका दोबारा सर्वे कराया जाए। साथ ही पात्र प्रभावितों को जल्द मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा हर घर नल योजना से छूटे गांवों और बस्तियों का सर्वे कराकर उन्हें योजना से जोड़ने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने ग्रामीणों को शुद्ध पीने का पानी उपलब्ध कराने की बात भी कही। खरवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकारी योजनाओं का फायदा हर व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सभी समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों से जरूरी कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।