पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार की रात दो युवक घुस गए। अस्पताल कर्मियों ने दोनों को पकड़ कर पूछताछ की तो वे खुद को स्वास्थ्य विभाग के दो अधिकारियों का चालक बताते हुए धौंस दिखाने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सोमवार को पुलिस ने दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया।
पुलिस ने बताया कि रविवार की रात करीब 12 बजे रामगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में दो युवक घुस गए। इस दौरान अस्पताल के कुछ कर्मियों ने दोनों को पकड़ कर उनसे पूछताछ करने लगे तो वे खुद को स्वास्थ्य विभाग के दो अधिकारियों का चालक बताते हुए रौब गाठने लगे। इससे खफा होकर कुछ लोगों ने दोनों की पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने फोन कर पुलिस को बुला लिया।
अस्पताल कर्मियों ने युवकों पर चोरी से अस्पताल में घुसने का आरोप लगाते हुए उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली। पूछताछ करने के बाद दोनों आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।