दुद्धी के टीसीडी ग्राउंड पर गोवर्धन पूजा के बाद पहलवानों ने दिखाई करतब-संवाद
यादव महासभा के संयोजन में बुधवार को स्थानीय टीसीडी मैदान में 16वां गोवर्धन पूजा समारोह आयोजित किया गया। इसमें गाजीपुर से आए बाबा सुरेंद्र पंथी के प्रदर्शन और पहलवानों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे। नेपाल के पूर्व मंत्री मातृका प्रसाद यादव मुख्य अतिथि और डॉ. रीना यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा से हुई। महिलाएं और युवतियां प्राचीन शिवाजी तालाब से जल लेकर पूजा स्थल पहुंचीं। इसके बाद पंडित शिवपूजन मिश्र ने विधि-विधान से पूजन कराया। पूर्व प्रधान हरिशंकर यादव मुख्य यजमान रहे। गाजीपुर से आए बाबा सुरेंद्र पंथी ने सूखे उपलों में मंत्रोच्चार के बीच अग्नि प्रज्ज्वलित की। कार्यक्रम में गाजीपुर से आए पहलवानों ने भी करतब दिखाए। उन्होंने उछल-कूद करते हुए टेंट में ऊंचाई पर बंधी रस्सी को छूकर दर्शकों को रोमांचित किया। मुख्य अतिथि मातृका प्रसाद यादव ने समाज को एकजुट होकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. रीना यादव ने शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और नशे से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश यादव ने की और संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यनारायण यादव ने किया।