चोपन में विरोध प्रदर्शन करते सोनांचल ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : SONBHADRA
चोपन। डाला चौकी क्षेत्र के लंगड़ा मोड़ पर शुक्रवार की रात बालू लदे ट्रक पर कार्रवाई के दौरान मनबढ़ युवक खनिज विभाग की टीम से उलझ गए। ट्रक को जबरन छुड़ाने की कोशिश की। काफी देर तक हंगामा चला। इस बीच मनबढ़ों का इशारा पाकर ट्रक चालक फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। खनिज अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बिना परमिट और ओवरलोड गिट्टी-बालू का परिवहन करने वाले वाहनों पर खनिज विभाग ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार की रात भी खनिज विभाग की टीम डाला के लंगड़ा मोड़ के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। खनिज निरीक्षक ईश्वर चंद्र ने चोपन थाने में दी तहरीर में बताया है कि ओवरलोड 36 टन बालू/मोरम लदे ट्रक को रोककर जांच की गई तो प्रस्तुत कागजात की समयावधि समाप्त हो गई थी। ट्रक को कब्जे में लेकर डाला सीमेंट फैक्ट्री की पार्किंग में खड़ा कराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन से छह युवक आए और ट्रक को छोड़ने का दबाव बनाने लगे। मनबढ़ युवकों ने खनिज सुरक्षाकर्मियों को ट्रक से उतारकर गाली-गलौज भी की। युवक ट्रक को जबरन छुड़ाकर डाला में धरनास्थल पर ले जाना चाहते थे। विवाद बढ़ता देख सूचना पीआरवी और चोपन थाने को दी गई। पुलिस के पहुंचते ही मनबढ़ भागने लगे तो दो युवकों को खनिज सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में अपना नाम छोटू पटेल और आशु पटेल निवासी लोहरा, सोनभद्र बताया। चोपन थाना प्रभारी लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि खनिज विभाग की तहरीर पर दो नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
डाला के पास जांच के दौरान ओवरलोड बालू लदे ट्रक को पकड़ा गया था। मनबढ़ युवक ट्रक को जबरन छुड़ाकर धरनास्थल पर ले जाना चाहते थे। हालांकि पुलिस के पहुंचने पर वह कामयाब नहीं हो सके। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। ओवरलोड में दो अन्य वाहनों का भी चालान हुआ है। - आशीष कुमार, ज्येष्ठ खान अधिकारी।
चोपन। खनिज विभाग की ओर से ओवरलोडिंग के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में ट्रक मालिकों की हड़ताल को मारकुंडी के व्यापारियों ने भी समर्थन दिया है। शनिवार को मारकुंडी व्यापार मंडल और चोपन उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने ट्रक मालिकों की मांग को वाजिब बताते हुए हड़ताल को समर्थन का एलान किया। मारकुंडी के व्यापारियों ने अपनी दुकानें भी बंद रखीं। खनिज विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सोनांचल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के बैनर तले गिट्टी-बालू की ढुलाई में लगे ट्रकों के मालिक तीन दिनों से हड़ताल पर हैं। इससे गिट्टी-बालू की ढुलाई ठप है। ट्रकों के पहिए थमे हुए हैं। हड़ताल के समर्थन में कई दल व संगठन भी आने लगे हैं। हड़ताल लंबा खींचने से निर्माण कार्यों पर भी ब्रेक लगने की आशंका बढ़ती जा रही है। समूचे पूर्वांचल में गिट्टी-बालू की उपलब्धता सोनभद्र से ही होती है। यहां से आपूर्ति ठप होने से निर्माण सामग्री की कीमतें बढ़ने लगी हैं। इससे काम भी थमने लगा है। उधर, हड़ताल के समर्थन में आए व्यापारियों का कहना था कि खनिज विभाग के अधिकारी एक्स आर्मी के जवानों के साथ आए दिन बोलेरो वाहन से आकर ट्रक चालक से मारपीट करते हुए वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हैं। हड़ताल से उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।