सोनभद्र। संत कीनाराम पीजी कॉलेज को दान में मिली बहुआर (दमहीपुरवा) स्थित जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह के अनुसार, इस जमीन पर कॉलेज के कृषि विज्ञान संकाय से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने सात सगे भाइयों समेत 23 नामजद और 20 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। प्राचार्य की तहरीर के मुताबिक, दमहीपुरवा टोला निवासी सात सगे भाइयों सरंगा, रामू, सीताराम, भोला, बुंदे, जगत नारायण और सियाराम सहित अन्य आरोपियों ने चार अक्तूबर को कॉलेज की जमीन और वहां बने भवन पर कब्जे की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को राजस्व अभिलेखों के साथ थाना दिवस पर विवाद का निस्तारण कराने के लिए बुलाया था, लेकिन आरोपी नहीं पहुंचे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 18 अक्तूबर को दोबारा कब्जे की कोशिश की गई। इस दौरान सुरक्षा के लिए लगाई गई तार की फेंसिंग उखाड़ दी गई और कई इमारती व कीमती पेड़ काट दिए गए। इससे करीब दो लाख का नुकसान होने का दावा किया गया है। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।