दुद्धी (सोनभद्र) । कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में शुक्रवार की शाम अवैध खनन रोकने गए कस्बा चौकी प्रभारी को दबंगों ने ट्रैक्टर ट्राली से कुचलने की कोशिश की। उन्होंने खुद को किसी तरह सुरक्षित बचाया। मौके से आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली व जेसीबी को सीज कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर बाद कस्बा चौकी प्रभारी कमल नयन दुबे को जाबर गांव में कनहर नदी किनारे अवैध खनन की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की तो चालक ट्राली पर लदा मोरंग गिराकर वाहन की रफ्तार बढ़ाते हुए चौकी प्रभारी को कुचलने की कोशिश की। चौकी प्रभारी ने खुद को बचाया। इस बीच चालक व अन्य साथी फरार हो गए। कस्बा चौकी प्रभारी की तहरीर पर ट्रैक्टर मालिक पवन केशरी व दुद्धी निवासी चालक दिलीप पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है।