रेणुकूट बेंच प्रेस प्रतियोगिता के दौरान प्रतियोगी। स्रोत आयोजक
रेणुकूट। पिपरी नगर पंचायत सभागार में रविवार को आयोजित जिला स्तरीय बेंच प्रेस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और दमखम का प्रदर्शन किया। समाजसेवी एवं पूर्व सभासद अजीत गुप्ता की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में सोनभद्र समेत आसपास के क्षेत्रों के 116 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता में रेणुकूट के खिलाड़ियों ने कई वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के जनसंपर्क अधिकारी यशवंत सिंह ने बजरंगबली की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान खेल जगत में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें बिंदेश कुमार मालवीय, मोनू पंडित, राम प्रवेश यादव, रामजी यादव, कौशल सोनी, मंगलेश, सेजल गुप्ता, अरविंद कुमार और निक्की कुमार शामिल रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी डॉ. पीके सिंह, संतोष गुप्ता, बिपिन सिंह, संदीप गुप्ता, बबीता, एसी शर्मा, सीमा गुप्ता और सहान अली को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में 66 किलोग्राम भार वर्ग में विंढमगंज के अरुण कुमार और 74 किलोग्राम में रेणुकूट के सुजीत कुमार श्रीवास्तव ने पहला स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग के 59 किलोग्राम भार वर्ग में रेणुकूट के रोहित कुमार सिंह विजेता रहे। अन्य भार वर्गों में 66 किलोग्राम में प्रिंस, 93 किलोग्राम में ओबरा के धनंजय यादव, 97 किलोग्राम में बैढ़न के मनीष पांडेय और 59 किलोग्राम में रेणुकूट के महेश ने बाजी मारी। 74 किलोग्राम में राहुल प्रथम रहे। वहीं, 83 किलोग्राम में सोनभद्र के शेख मोहम्मद साहिल, 93 किलोग्राम में अभिषेक विश्वकर्मा और 105 किलोग्राम में सिंगरौली के कपिल राणा और एनसीएल के अभिजीत ने पहला स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में बबीता गुप्ता विजेता रहीं। प्रतियोगिता में बिंदेश कुमार मालवीय, संतोष गुप्ता और कौशल सोनी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजक अजीत गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार, मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को भी मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।