विंढमगंज। थाना क्षेत्र के सलैयाडीह ग्राम पंचायत में शनिवार की रात चोरों ने मां काली मंदिर से चैनल गेट का ताला तोड़कर अष्टधातु की प्रतिमा, आभूषण सहित अन्य सामान गायब कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस और फारेंसिक टीम ने ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मंदिर के पुजारी राजू रंजन तिवारी और पंकज तिवारी ने बताया कि शनिवार की रात पूजा-अर्चना करने के बाद वह घर चले गए थे। सुबह मंदिर पहुंचे तो चैनल गेट का ताला टूटा हुआ था। मंदिर में स्थापित अष्टधातु से निर्मित करीब सात किग्रा वजन की लड्डू गोपाल की प्रतिमा, चांदी की बांसुरी, काली जी का चांदी का मुकुट, मां शीतला के चांदी का हार, मुकुट आदि सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। थाना प्रभारी श्याम बिहारी ने मौका मुआयना किया। सीओ दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल भी मौके पर पहुंचे। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। बताया कि तीन सदस्यीय टीम खुलासे के लिए लगाई गई है। मंदिर के पुजारी के अलावा मंदिर के प्रबंधक अशोक कुमार जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी ने चोरी गए सामान शीघ्र लगवाने की मांग की। इस मौके पर रमेश चंद्र एडवोकेट, गगन गुप्ता, पप्पू गुप्ता, नंदलाल केसरी, सुनील गुप्ता, जितेंद्र तिवारी आदि ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में चोरी की छोटी-छोटी कई घटनाएं हुई, लेकिन पुलिस ने उसमें तत्परता नहीं दिखाई।