सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के भागलपुर गांव में रविवार की रात एक युवक ने कुल्हाड़ी से अपने मूकबिधर बेटे के सिर पर वार कर लहूलुहान कर दिया। मामले में पत्नी ने पति के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज कराया है। उधर, पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर आरोपी रामबली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, रविवार की देर शाम रामबली ने कुल्हाड़ी से अपने 12 वर्षीय पुत्र राजन के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को जिला अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख भर्ती कर लिया। रात में ही फोर्स के साथ कोतवाल अंजनी कुमार राय ने आरोपी को पकडने के लिए उसके घर समेत कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। हालांकि सोमवार को पुलिस ने आरोपी को उसके गांव के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि घायल की मां की तहरीर पर सरिता देवी की तहरीर पर उसके पति रामबली के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।