सोनभद्र। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल अनिल कुमार ने बताया कि इस वर्ष विभाग सेना झंडा दिवस दिसंबर माह को गौरव माह के रूप में मनाएगा।
मुख्य कार्यक्रम सशस्त्र सेना झंडा दिवस सात दिसंबर और विजय दिवस 16 दिसंबर को मनाने का भी प्रस्ताव है। इस अवसर पर एक विशेष स्मारिका सैनिक कल्याण विभाग लखनऊ जारी करेगा, जो कि यूपी के वीरों के वीर के नाम समर्पित होगी। कर्नल अनिल ने बताया कि यूपी से एकमात्र प्रथम विश्व युद्ध में अद्वितीय वीरता के लिए विक्टोरिया क्रॉस पाने वाले भारतीय नायक छत्ता सिंह की स्मृति को यह स्मारिका समर्पित है। यह ब्रिटिश सेना की वीरता के लिए सबसे ऊंचे दर्जे का पुरस्कार था। उन्होंने बताया कि सेना झंडा दिवस देशवासियों को सैनिकों की शहादत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए और इस निधि में अपना कुछ अंशदान करने के लिए मनाया जाता है। सभी कार्यालय, स्कूल, महाविद्यालय, संस्थानों को प्रतिकात्मक झंडा और स्टीकर भेजे जा चुके हैं। जो इस निधि में अपना अंशदान दे सकते हैं।