सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव के निर्देश पर शुक्रवार की शाम छह बजे से जिले से सटे चारों राज्यों की सीमाएं 48 घंटे के लिए सील कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर सीआरपजीएफ तैनात है। जंगली इलाकों में पुलिस द्वारा सघन कांबिंग की जा रही है। वहीं संदिग्धों पर पैनी नजर भी रखी जा रही है। जिले को स्पर्श करने वाले बिहार, झारखंड व छत्तीसमगढ़ में नक्सलियों ने नक्सली वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा रखी है। बार्डरों के आसपास भी नक्सलियों के भ्रमणशील होने की लगातार सूचनाएं मिल रही है। स्वतंत्रता दिवस पर नक्सली जिले में प्रवेश कर किसी घटना को अंजाम न देने पाएं इसको लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। 2012 के बाद से सोनभद्र समेत यूपी में कोई नक्सली घटनाएं नहीं हुई है। यूपी में घट रही साख को पूरा करने के लिए नक्सली लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बार्डरों पर तैनात पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबे पर पानी फिर जा रहा है। बृहस्पतिवार को फोर्स के साथ मांची थाना क्षेत्र में एसपी ने भी कांबिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। शुक्रवार को भी मांची, कोन, विण्ढमगंज समेत अन्य थाना क्षेत्रों के जंगलों में फोर्स कांबिंग कर रही थी। शाम छह बजे के बाद बार्डर पर तैनात फोर्स जिले में आने और जाने वाले वाहनों की चेकिंग करने में जुट गई है। जंगली रास्तों पर पैनी नजर रख रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जंगली रास्तों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट रहने का फरमान जारी किया गया है।