बेसिक शिक्षा विभाग में होने वाले तबादलों को लेकर तैयारी तेज हो गई है। तबादले की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से मानव संपदा पोर्टल की मदद से होगी। शिक्षकों को पोर्टल पर एक से लेकर पांच विकल्प भरने होंगे। तबादला प्रक्रिया से पहले निदेशालय से एनआईसी की मदद से तकनीकी सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं ताकि तबादला प्रक्रिया शुरू होने के बाद कोई बाधा नहीं आए।
जिले के 2061 विद्यालयों में 53 सौ से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं। इसमें करीब पौने पांच सौ शिक्षकों का गैर जनपद तबादला होना है। इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक जिले के अंदर ही मनचाहे विद्यालय पर तैनाती चाहते हैं। तबादले की प्रक्रिया पर लंबे समय से रोक लगी हुई है। अब मुख्यमंत्री ने इसकी सहमति देते हुए विभाग को तबादला नीति तैयार करने को कहा है। नई नीति बनाने में जुटे विभाग ने जिला स्तर पर तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि तबादले की प्रक्रिया राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की मदद से संपन्न कराई जाएगी। प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इसमें शिक्षक का सारा ब्योरा स्थानांतरण पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इसकी लॉगिन आईडी वही होगी, जो मानव संपदा पोर्टल के लिए जारी की गई है। शिक्षकों को वही डेटा भरना होगा जो मानव संपदा पोर्टल पर नहीं होगा। डेटा अपलोड होने के बाद एनआईसी टीम की मदद से निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यालय आवंटित होगा। महानिदेशक ने तबादले की प्रक्रिया शुरू होने से पहले एसएसएल सर्टिफिकेट, सिक्योरिटी ऑडिट और एसएमएस प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए कहा है।