जिले में आरटीई के तहत पहले और दूसरे चरण में 1122 बच्चों को चयनित किया गया है। वहीं तीसरे चरण के आवेदन की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी। यह आठ मई तक चलेगी। इसके लिए विभाग तैयारियों में जुटा है।
निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम आरटीई के अंतर्गत प्राइवेट स्कूलों में अलाभान्वित समूह एवं दुर्बल वर्ग के बच्चों को प्रवेश को लेकर विभाग प्रयासरत है। इसके तहत प्रत्येक स्कूल में कुल सीटों की 25 फीसदी सीटों पर आरटीई के तहत कक्षा एक में प्रवेश मिलता है। शैक्षिक सत्र 2024-25 में प्रवेश प्रक्रिया कुल चार चरणों में पूरी की जानी है। पहले चरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण की प्रक्रिया में दाखिले के लिए महज दो दिन शेष बचे हैं। विभाग को फरवरी माह में शुरू पहले चरण की प्रक्रिया में कुल 1800 से अधिक आवेदन मिले थे। इसमें से लाॅटरी के जरिए कुल 799 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। दूसरे चरण में कुल 727 आवेदन मिले। इसकी लाॅटरी आठ अप्रैल को खोली गई। इसमें 323 बच्चों का चयन किया गया। इन चयनित बच्चों का दाखिला आवंटित विद्यालयों में कराने को लेकर विभाग जुटा है। इस बीच तीसरे चरण के आवेदन 15 अप्रैल से 8 मई तक आवेदन होंगे। सत्यापन 9 से 15 मई तक होगा। वहीं 16 मई को लॉटरी निकलेगी। वहीं चौथे चरण के लिए आवेदन पहली से 20 जून तक होंगे। उनका सत्यापन 21 से 27 जून तक होगा और लॉटरी 28 जून को निकलेगी। दो चरणों में करीब 2527 से अधिक आवेदन मिले थे। इनमें से 1122 बच्चों का चयन किया गया है, जो पिछले वर्ष के दाखिले से करीब दो गुना है।
आरटीई के तीसरे चरण का आवेदन 15 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इस संबंध में अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार अधिक नामांकन हो रहे हैं। -नवीन पाठक, बीएसए।