नगर पालिका राबर्ट्सगंज अंतर्गत उरमौरा में बने बूथ पर पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण करते सदर एसडीए
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। नगर निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के तहत सोमवार को अनंतिम सूची पर दावे-आपत्तियां ली गई। अंतिम दिन सभी बीएलओ बूथों पर आवेदनों का मिलान कर उसे सूचीबद्ध करने में जुटे रहे। सदर एसडीएम रमेश कुमार ने विभिन्न बूथों का भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। राबर्ट्सगंज नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों में चुनाव होना है। इसके लिए अनंतिम मतदाता सूची का 31 अक्तूबर को प्रकाशन किया गया था, जिसमें 2.63 लाख से अधिक मतदाता शामिल हैं। इसके बाद से सूची पर दावे-आपत्तियां ली जा रही हैं। सोमवार को इसकी अंतिम तिथि के कारण बूथों पर विशेष कैंप लगाया गया। नगरीय क्षेत्रों में शामिल सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधित करने और विलोपित करने के लिए अलग-अलग फार्म भरवाए। एसडीएम रमेश कुमार ने उरमौरा स्थित बूथ का निरीक्षण किया। अब तक आए आवेदनों के बारे में जानकारी ली। बीएलओ को निर्देशित किया कि पात्रता से संबंधित प्रमाण पत्र भी जरूर लें, ताकि भविष्य में कोई विवाद की स्थिति न रहें। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की हरसंभव कोशिश करें। इसमें कमियां मिलने पर संबंधितों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।