विकासखंड दुद्धी के ग्राम हथवानी स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को वार्षिकोत्सव व प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय हाईस्कूल बहेराडोल के प्रधानाचार्य अमर सिंह ने दीप जलाकर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि अमर सिंह ने कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को निकटवर्ती नव संचालित राजकीय हाईस्कूल बहेराडोल में कक्षा 9 में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कंपोजिट विद्यालय डालापीपर के प्रधानाध्यापक नौशाद अहमद ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए प्रेरित किया। संचालन शिक्षिका शहला परवीन ने किया। इस दौरान संजय श्रीवास्तव, दिनेश शिवाजी, स्वाति झा, शेखर, फैयाज, साजिद आदि उपस्थित रहे।