सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 24 से 29 मार्च तक चलेंगी। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ये परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। परीक्षा में प्राथमिक विद्यालय से 1,54,935 बच्चे और उच्च प्राथमिक से 85127 नौनिहाल भाग लेंगे। जिले में परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों की संख्या 2061 है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12.30 बजे से 2.30 बजे तक होगी। कक्षा एक में सिर्फ मौखिक परीक्षा ली जाएगी। पहले दिन 24 मार्च को हिंदी, 25 मार्च को अंग्रेजी और 26 मार्च को गणित की मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। बीएसए हरिवंश कुमार के अनुसार कक्षा दो और तीन में 50-50 प्रतिशत की लिखित व मौखिक परीक्षा होगी। वहीं कक्षा चार और पांच में 70 प्रतिशत लिखित व 30 प्रतिशत मौखिक परीक्षा का अंक होगा। वहीं उच्च प्राथमिक में कक्षा छह से आठ तक में केवल लिखित परीक्षा होगी।