रेणुकूट बिरला कार्बन के मुख्य द्वार पर धरना देते समाजिक कार्यकर्ता।
- फोटो : SONBHADRA
मुर्धवा स्थित बिड़ला कार्बन फैक्टरी के समीप साफ-सफाई न होने से नाराज रहवासियों ने मंगलवार की सुबह कंपनी कार्यालय का घेराव किया। मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे एचआर हेड के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
बिड़ला कार्बन कंपनी में जाने वाले मार्ग पर बड़ी आबादी निवास करती है। यहां छोटी-बड़ी सैकड़ों दुकानें भी हैं। दुकानदारों का आरोप है कि कंपनी के सफाईकर्मी पिछले 15 दिनों से मार्ग की सफाई नहीं कर रहे। कूड़ा निस्तारण की समस्या को लेकर मंगलवार की सुबह मुर्धवा के पूर्व बीडीसी सदस्य अजय राय की अगुवाई में रहवासी कारखाने के अधिकारियों से मिलने पहुंचे। आरोप है कि कंपनी के एक प्रतिनिधि ने उनसे दुर्व्यवहार करते हुए तत्काल कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था से इनकार कर दिया।
नाराज रहवासी मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। रहवासियों का कहना था कि इस मार्ग की साफ-सफाई कंपनी ही कराती है, लेकिन पिछले 15 दिनों से कंपनी के सफाई कर्मी मार्ग की सफाई नहीं कर रहे। वर्कर कॉलोनी के बगल में बने कूड़ेदान में कूड़े का निस्तारण नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता धरना जारी रहेगा। विजय प्रताप सिंह और सपा नेता अमरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचकर रहवासियों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
सूचना पाकर कंपनी के मानव संसाधन प्रमुख जय कोकाटे धरनारत लोगों से मिले। समस्या सुनने के बाद तत्काल समाधान की बात कही। कहा कि कंपनी 15-15 दिनों में कूड़ेदान से कूड़ा निस्तारित कराती है लेकिन लोगों की समस्या को देखते हुए अब इसे एक सप्ताह के अंतराल में करवाया जाएगा। उन्होंने दुकानों के सामने डस्टबिन रखवाने की भी बात कही। एचआर हेड के आश्वासन के बाद रहवासियों ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर कामेश्वर सिंह, विजय पटेल, संतोष पाठक, अजय ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, मुन्ना सोनकर आदि मौजूद रहे।