सदर कोतवाली क्षेत्र के तेंदू गांव में सोमवार की शाम किशोरी ने जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जाता है कि लड़की ने मां की डांट से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया है।
तेंदू गांव निवासी नवीन की कुछ सालों पहले ही मौत हो गई है। उनकी पत्नी मजदूरी कर दो बेटियां और एक बेटे का पालन पोषण करती है। परिजनों के अनुसार बड़ी बेटी रुखसाना 16 और उसकी छोटी बहन में लड़ाई हो रही थी। इस पर मां ने दोनों बेटियों का डांट लगाया। इसके बाद वह गेहूं काटने खेत पर चली गई। शाम को जब घर लौटी तो देखा कि रुखसाना कमरे में सो रही है। पहले तो मां ने सोचा कि तबीयत ठीक न होने के कारण सोई होगी। काफी देर बाद भी जब वो नहीं उठी तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। उसे अचेत पाकर आनन-फानन हिंदुआरी क्षेत्र स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन रात साढ़े नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचे। जहां विषाक्त के सेवन से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र राय ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।