सोनभद्र। फिरोजाबाद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार को जिले के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मांगों से संबंधित नौ सूत्री ज्ञापन डीएम के नामित प्रतिनिधि एसडीएम ओसी को सौंपा।
संगठन की जिलाध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने कहा कि फिरोजाबाद में केंद्र से लौट रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुमलता की हत्या निंदनीय है। जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल भेजने और फांसी देने की मांग की। मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के सदस्य को नौकरी देने की आवाज उठाई।
कहा कि सरकारी योजनाओं का आमजन तक लाभ पहुंचाने के लिए आंगनबाड़ी कम मानदेय पर दिन रात मेहनत करती हैं, फिर भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के केवल एक घंटा काम करने का बयान निंदनीय है। सभी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए सामाजिक सुरक्षा, आयुष्मान कार्ड बनाने और गंभीर बीमारी होने पर सरकार की तरफ से सभी का मुफ्त इलाज की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन एवं ज्ञापन देने वालों में लक्ष्मी जायसवाल जिला महामंत्री, साधना, उर्मिला सिंह आदि उपस्थित रहीं।