फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन आज से, तैयारियां पूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। नगर पालिका सोनभद्र समेत जिले की दस निकायों में होने वाले चुनाव के लिए रविवार को अधिसूचना जारी हो गई। 17 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। नामांकन स्थल को कड़े सुरक्षा घेरे मेें तब्दील किया गया है। दो सौ मीटर पहले ही बैरिकेडिंग की गई है। यहां से सिर्फ प्रत्याशी के साथ उनके प्रस्तावक और अभिकर्ता सहित अधिकतम तीन लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें गहन तलाशी से गुजरना होगा।
विज्ञापन

कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि 17 से 24 अप्रैल के बीच नामांकन कार्य होगा। सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 25 अप्रैल को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। 27 अप्रैल को सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी का समय है। इसके बाद 28 अप्रैल को उम्मीदवारों चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। 11 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक सभी निकायों में मतदान होगा। मतगणना 13 मई को सुबह आठ बजे से आरंभ होगी। इस समय सारिणी के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश में भी कार्यालय खुले रहेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन की सभी प्रक्रिया संबंधित निकाय के तहसील मुख्यालय पर ही कराई जाएगी। इसके लिए आरओ, एआरओ की तैनाती भी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एक प्रत्याशी अधिकतम तीन लोगों के साथ नामांकन स्थल पर प्रवेश कर सकता है। इसमें प्रत्याशी के अलावा उसका एजेंट, प्रस्तावक और एक विधिक सलाहकार हो सकता है। इससे अलावा किसी को भी बैरिकेडिंग के अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। पूरे जिले में धारा-144 लागू कर दी गई है। किसी तरह का अस्त्र-शस्त्र लेकर सार्वजनिक स्थलों पर जाने की मनाही रहेगी। आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराने के लिए जिला और निकाय स्तर पर टीमें गठित कर दी गई हैं। इसके अलावा सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
नामांकन पत्र के साथ यह देने होंगे दस्तावेज
निकाय चुनाव में नामांकन करने वाले उम्मीदवारों को नाम निर्देशन पत्र के साथ कई दस्तावेज भी संलग्न करने होंगे। इसमें आरक्षित श्रेणी के समर्थन में जारी जाति प्रमाण पत्र, जाति से संबंधित घोषण पत्र प्रारुप-6, संबंधित निकाय से जारी अदेयता प्रमाण पत्र, जमानत धनराशि, मतदाता सूची की प्रमाणित फोटो प्रति, प्रतीक चिह्नों के विकल्प, प्रारूप-7 और एक अतिरिक्त फोटो।
विज्ञापन

कोविड नियमों का करना होगा पालन
देश भर में कोविड की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी की गई सलाह का पालन करने का निर्णय लिया गया है। सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया के दौरान पांच सूत्री रणनीति पर लगातार फोकस किया जाएगा। टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-टीकाकरण और कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन किया जाएगा। डीएम ने बताया कि जिला मशीनरी प्रभावी ढंग से कोविड स्थिति की निगरानी करेगी और आवश्यक कानूनी मानदंड निर्धारित करके कोविड उपयुक्त व्यवहार के मानदंडों को लागू किया जाएगा।
बने हैं वार्डवार काउंटर, गुब्बारों से सजाया
नगर पालिका सोनभद्र व नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा का नामांकन सदर तहसील में होगा। एसडीएम शैलेंद्र मिश्र के नेतृत्व में नामांकन कक्ष को गुब्बारों से सजाया गया है। नगर पालिका के 25 वार्डों में नामांकन के लिए तहसील सभागार में पांच टेबल लगाए गए हैं। एक टेबल पर पांच-पांच वार्ड का नामांकन होगा। अध्यक्ष पद का नामांकन एसडीएम कोर्ट में होगा। इसी तरह चुर्क-घुर्मा नगर पंचायत के अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए भी इसी परिसर में अलग-अलग व्यवस्था की गई। इसमें आने-जाने के रास्ते भी अलग बनाए गए हैं। उधर, नगर पंचायत घोरावल के लिए नामांकन घोरावल तहसील कार्यालय में होगा। नगर पंचायत ओबरा, डाला बाजार और चोपन के लिए नामांकन की प्रक्रिया राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में संपन्न कराई जाएगी। नगर पंचायत अनपरा, दुद्धी, रेणुकूट और पिपरी का नामांकन दुद्धी तहसील कार्यालय में होगा।

250 रुपये में मिलेगा अध्यक्ष का फार्म
सोनभद्र। नगर पालिका क्षेत्र में अध्यक्ष पद का नामांकन फार्म 250 रुपये में मिलेगा। वहीं सदस्य पद के लिए अनारक्षित श्रेणी के लिए दो सौ रुपये देने होंगे। अन्य पिछड़ा वर्ग, एससी-एसटी और महिला श्रेणी के उम्मीदवारों को 100 रुपये में नामांकन पत्र मिलेगा। इसी तरह नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद का पर्चा अनारक्षित श्रेणी में 250 व अन्य आरक्षित श्रेणियों के लिए 125 रुपये में दिया जाएगा। सदस्य पद का पर्चा अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को 100 रुपये व अन्य आरक्षित श्रेणी में 50 रुपये देने होंगे।
चुनाव के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
सोनभद्र। निर्वाचन संबंन्धी शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। एडीएम सहदेव कुमार मिश्र ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार जनपद मुख्यालय पर शिकायत नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। इसका दूरभाष संख्या-05444-222959 है। मोबाइन नंबर 9454489827 और ई-मेल आईडी सोननिकायएलईसी एट द रेट जीमेल डाट कॉम पर भी शिकायत की जा सकती है। नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
विज्ञापन

यह है जिले के निकायों की स्थिति और अध्यक्ष का आरक्षण::
निकाय आरक्षण कुल मतदाता वार्ड संख्या बूथ
सोनभद्र एससी महिला 58304: 25: 74
ओबरा: एससी महिला: 50257: 18: 53
डाला: एसटी महिला: 8216: 10: 10
चुर्क: ओबीसी महिला: 6394: 10: 10
दुद्धी: ओबीसी: 11786: 11: 12
अनपरा: अनारक्षित: 79023: 21: 87
चोपन: अनारक्षित: 15421: 13: 16
रेणुकूट: अनारक्षित: 19956: 14: 21
पिपरी: अनारक्षित: 13448: 12: 14
घोरावल: अनारक्षित: 6253: 10: 10
कुल मतदाता: 269058: 144: 307
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें