शक्तिनगर। एनसीएल खड़िया के पुनर्वास क्षेत्र अंबेडकर नगर में नाले की सफाई जल्द शुरू होगी। बुधवार को एनसीएल खड़िया और दुद्धीचुआ के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से रहवासी क्षेत्र के नाले का जायजा लिया। उन्होंने सफाई में आने वाली बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि बाधाएं दूर होने के बाद बारिश के समय जमा गाद की सफाई शुरू करा दी जाएगी। एनसीएल खड़िया कोयला खदान के कारण सैकड़ों परिवार अंबेडकर नगर में विस्थापित हुए हैं। इस साल बारिश का पानी और मलबा सौ से अधिक घरों में घुस गया था। प्रशासन की पहल पर कोल प्रबंधन ने तत्काल मदद दी थी। डायरेक्टर जनरल आफ माइंस सेफ्टी (डीजीएमएस) ने इस मामले को गंभीरता से लिया था। डीजीएमएस ने कोयला खदानों के अधिकारियों को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ही कोयला क्षेत्रों के अधिकारी सक्रिय हुए। एनसीएल खड़िया के नोडल अधिकारी (सीएसआर) अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने नाले के बहाव में अवरोधों का आकलन किया। निरीक्षण में नाले के आसपास अतिक्रमण और अवैध निर्माण पाए गए। नाले के दोनों किनारों से बिना अनुमति सैकड़ों पेयजल पाइप भी बिछाई गई हैं। अधिकारियों का कहना था कि मशीन से सफाई से पहले इन बाधाओं को सूचीबद्ध कर प्रबंधन को रिपोर्ट दी जाएगी। इस दौरान चिल्काडांड के प्रधान हीरा लाल और रहवासियों से भी चर्चा की गई।