कोन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का आरक्षण जारी होते ही जहां एक ओर चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है वहीं जिला पंचायत सदस्य के लिए निगाई और कचनरवा में दोनों में अनुसूचित जनजाति की सीट होने को लेकर क्षेत्रवासियों समेत संभावित उम्मीदवारों ने गलत आरक्षण लगाने का आरोप लगाया है। क्षेत्र के शशांक मिश्रा, उदयभान जायसवाल, राजनारायण भारती, विजयशंकर जायसवाल, लक्ष्मी जायसवाल, शिवप्रसाद, बृज कुमार जायसवाल समेत कई का आरोप है कि जिला पंचायत निगाई 2015 से ही गठन हुआ है और 2015 में आरक्षण पिछड़ी जाति का था। निवर्तमान सदस्य विमलेश यादव हैं। जबकि प्रकाशित सूची में आरक्षण 1995 से दिखाया गया है। 2015 में आरक्षण महिला दिखाया गया है जबकि पुरुष सदस्य निर्वाचित है। इसी प्रकार जिला पंचायत कचनरवा में 2015 में महिला सीट आरक्षित थी, जबकि सूची में अनारक्षित दिखाया गया है। इस प्रकार गलत आरक्षण लगाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने सही आरक्षण जारी करने की मांग जिला प्रशासन से की है। सभी ने जानबूझकर गलत आंकड़े पेश कर गलत आरक्षण लागू करने का आरोप लगाते हुए आपत्ति दाखिल करने की बात कही है।