ओबरा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुगैल के टोला गर्दी में निर्माणाधीन सरकारी विद्यालय में घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगा है। शुक्रवार को अपना दल एस युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद पटेल दयालु के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम ओबरा को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को पूरी मजदूरी समय से दिलाए जाने की भी मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय निर्माण में गिट्टी और बालू की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी प्रकार निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया गया तो यह विद्यालय भवन कुछ ही वर्षों में जर्जर हो सकता है। विद्यालय निर्माण उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है, जिससे दूरदराज क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा की सुविधा मिल सके। ऐसे में निर्माण कार्य में लापरवाही सरकार की मंशा पर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है। ज्ञापन देने वालों में जिला कार्यकारिणी सदस्य अपना दल एस रामलाल प्रजापति, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विकास कुमार गोंड, जयप्रकाश केसरी, दशरथ गुर्जर, विक्की आदि शामिल रहे।