सोनभद्र। हिंदुआरी स्थित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) फिटनेस सेंटर की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों को परिवहन विभाग ने गंभीरता से लिया है। सेंटर पर निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली और बिना वाहन की जांच किए फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने के आरोपों की जांच कराई जाएगी। एआरटीओ प्रशासन कौशल कुमार सिंह ने मामले में कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। शनिवार को कार्यालय में एआरटीओ ने मीडिया को बताया कि कुछ ट्रांसपोर्टरों और स्कूल प्रबंधकों ने सेंटर के खिलाफ शिकायत की है। वाहनों की फिटनेस जांच के लिए शासन की ओर से निर्धारित शुल्क ही देय है। अतिरिक्त धनराशि मांगे जाने पर वाहन मालिक लिखित शिकायत कर सकते हैं। निर्धारित शुल्क की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। भुगतान के बाद रसीद भी दी जाती है। उन्होंने बताया कि सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस बंद होने की समस्या भी सामने आई है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है। शिकायतों की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। एआरटीओ ने कहा कि विभाग का उद्देश्य फिटनेस जांच में पारदर्शिता और वाहनों की तकनीकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर सेंटर के संचालन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।