पानी की आवक कम होने के बाद रिहंद बांध के सभी फाटक बंद कर दिए गए।
रेणुकूट। पिपरी स्थित रिहंद बांध के सभी फाटक बुधवार की देर रात बंद कर दिए गए। बांध का एक फाटक खुला हुआ था, जिसे भी देर रात बंद कर दिया गया। इसके बाद बृहस्पतिवार को बांध का जलस्तर घटकर 871.1 फीट दर्ज किया गया। बांध के सभी छह टरबाइन लगातार चालू हैं और विद्युत उत्पादन जारी है। बीते दिनों कैचमेंट एरिया में हुई लगातार बारिश के कारण रिहंद बांध का जलस्तर तेजी से बढ़कर 872 फीट के करीब पहुंच गया था। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध के सात फाटक खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की गई थी। बारिश थमने और बांध में पानी की आवक कम होने से जलस्तर में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते बांध के फाटक एक-एक कर बंद किए गए। बुधवार देर रात अंतिम खुले फाटक को भी बंद कर दिया गया। हालांकि सभी छह टरबाइनों के संचालन से पानी की निकासी जारी है। सिंचाई विभाग और जल विद्युत निगम के अधिकारी बांध के जलस्तर एवं इनफ्लो पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल बांध की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।