पिड़रिया गांव में बृहस्पतिवार की सुबह नहर किनारे झोले में जीवित नवजात मिलने से सनसनी फैल गई। पिड़रिया के ग्राम प्रधान गिरिजेश कुमार मौर्य ने बृहस्पतिवार सुबह एक नवजात शिशु को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
उन्होंने बताया कि उनके घर के पास नहर किनारे झोले में नवजात शिशु मिला। आसपास से गुजर रहे लोगों ने नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनी और नहर किनारे गए तो देखा की झोले में से रोने की आवाज आ रही है। जब ग्रामीणों ने झोले को खोलकर देखा तो उसमें नवजात शिशु व कुछ कपड़े थे। जानकारी होने पर मौके पर प्रधान पहुंचे। नवजात शिशु को लेकर प्रधान व ग्रामीण घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। शिशु की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर मिलने से उसका नाम कृष्णा रखा गया है। इस संबंध में सीएचसी के डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि नवजात शिशु को देखकर लगता है कि वह समय से पूर्व पैदा हुआ है। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है।