विंण्ढमगंज थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ व झारखंड बॉर्डर पर कांबिंग करते पुलिस के जवान।
विंढमगंज। जिले से सटे राज्य छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में पिछले दिनों हुए नक्सली घटना के बाद सोनभद्र में हाई अलर्ट है। मंगलवार को छत्तीसगढ़ व झारखंड बॉर्डर से सटे थाना विंढमगंज के मुडीसेमर व मेदनीखाड़ ग्राम पंचायत के जंगलों में पुलिस ने पीएसी के साथ सघन कांबिंग की। मलिया नदी व आसपास के जंगलों में नक्सलियों की टोह ली। क्षेत्राधिकारी नक्सल व प्रभारी निरीक्षक बीजपुर, बभनी, दुद्धी, म्योरपुर मय फोर्स जंगलों में घुसे। कांबिंग के दौरान गांव के ग्रामीणों से गांव में संदिग्ध व्यक्ति व रात्रि को नक्सलियों के आवागमन के बारे में पूछताछ की गई। ग्रामीणों को पुलिस व आम जनमानस में विश्वास पैदा करते हुए कहा कि हम सभी पुलिस फोर्स के जवान आपके लिए हर समय कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं। आप इलाके में अगर किसी भी तरह की कोई संदिग्ध व अनजान व्यक्ति दिखता है तो तत्काल इसकी सूचना गुप्त रूप से सेल फोन के माध्यम से विंढमगंज थाने को अवगत कराएं ताकि ऐसे लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस फोर्स ने जंगलों में चप्पे-चप्पे पर छानबीन की। सीओ और प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है। लेकिन ग्रामीण भी पुलिस का सहयोग करें और संदिग्धों के आवागमन की जानकारी देते रहें। कांबिंग के दौरान तमाम पुलिस कर्मी मौजूद रहे।