ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (एआईपीएफ) ने जिले की जनता के हित को देखते हुए मंगलवार को मुख्य महाप्रबंधक रेलवे नई दिल्ली के नाम रेलवे स्टेशन अधीक्षक रेणुकूट को पत्रक सौंपा। महाप्रबंधक से त्रिवेणी एक्सप्रेस व लोकल ट्रेनों के तत्काल संचालन की मांग की। देश के सर्वाधिक पिछड़े जिलों में शामिल सोनभद्र में ऐसे ही बेहद कम ट्रेनों का संचालन होता है। बरवाडीह, रेनूकूट होकर टनकपुर व शक्ति नगर, सिंगरौली से टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस इस जनपद की लाइफलाइन है। पिछले कई माह से यह ट्रेन बंद है। यही नहीं चोपन बरवाडीह सवारी गाड़ी भी बंद है। ट्रेनों के संचालन के बंद होने से आम आदमी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्रक देने में एआईपीएफ के जिला संयोजक कृपा शंकर पनिका, मोहम्मद नौशाद, राजेंद्र प्रसाद, राजेंद्र बैठा, अजीत मिश्रा, सद्दाम खान, हिमांशु यादव, मो. अख्तर अली, बादल अंसारी, रामकरण पनिका आदि मौजूद रहे।