विण्ढमगंज सततवहिनी नदी छठ घाट पर सफाई करते सन क्लब के नवयुवक। स्रोत स्वयं
- फोटो : सांकेतिक
विंढमगंज। छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सन क्लब सोसायटी के युवा सतत वाहिनी नदी के घाट की सफाई में जुट गए हैं। मंगलवार को युवाओं ने नदी में उतरकर श्रमदान किया और घाट सहित आसपास के परिसर की साफ-सफाई की। छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सतत वाहिनी नदी के घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसे देखते हुए क्लब के युवाओं ने घाट को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी उठाई। अभियान में सोसायटी के अध्यक्ष शिवम मद्धेशिया उर्फ विक्की और संयोजक देवेश चंद्र उर्फ डीसी मद्धेशिया ने नेतृत्व किया। उनके साथ अन्य युवाओं ने भी श्रमदान कर सफाई अभियान में सहयोग दिया। युवाओं का कहना है कि छठ केवल आस्था और परंपरा का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी देता है। व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सोसायटी की ओर से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं की इस पहल से सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।