सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नेवारी गांव में बुधवार की रात युवक ने संदिग्ध हाल में फंदा लगाकर जान दे दी। तीन दिन पहले पत्नी के मायके जाने के बाद से वह नाराज था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
नेवारी गांव निवासी रमेश कोल उर्फ बादल (24) पुत्र बालकिशुन रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने गया। देर रात कमरे से तेज आवाज आने के बाद परिवार व पास-पड़ोस के लोग उस ओर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़कर अंदर घुसे। जमीन पर रमेश कोल अचेत पड़ा था। उसके गले में फंदा लगा था और ऊपर धरन से भी रस्सी लटक रही थी। रस्सी टूटने के कारण ही रमेश नीचे गिर गया था। उसे सीएचसी घोरावल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक रमेश का पत्नी से किसी को लेकर विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर तीन दिन पहले वह मायके चली गई थी। इसके बाद से ही रमेश क्षुब्ध था। रमेश दो भाइयों में छोटा था। उसे एक वर्ष की एक बेटी है। प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय ने फंदा लगाने से युवक की मौत की पुष्टि की।