बार-बार हिदायतों के बावजूद पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर डीएम ने जलनिगम के एक्सईएन को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। कई गांवों में पाइप लाइन का काम भी पूरा न होने की शिकायत मिली है।
डीएम ने कार्यप्रणाली में सुधार न लाने पर शासन को कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाने की चेतावनी भी दी है। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के किमी 34 से 82 दोनों तरफ पाइप लाइन बिछाने का कार्य कार्यदाई संस्था एनसीसी की ओर से किया जा रहा है।
पाइप लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इसी प्रकार राॅबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत निर्मित फ्लाई ओवर ब्रिज के नीचे पश्चिम की तरफ भी पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत अभी तक नहीं कराई गई। इससे मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
मंगलवार को यह शिकायत भी प्राप्त हुई कि ग्राम बघुआरी, टोला ग्राम-गड़ौरा में पाइप लाइन बिछाने का कार्य अभी तक नहीं किया गया है। इससे गांव के लोग हर घर नल योजना से वंचित है। पाइप लाइन का कार्य जल निगम के एक्सईएन महेंद्र सिंह के पर्यवेक्ष में हो रहा है।
इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जलनिगम के एक्सईएन महेंद्र सिंह को पदीय कार्यों के प्रति लापरवाही और आदेशों की अवहेलना मानते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की।