सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में बिना टेंडर के नाली निर्माण कराये जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीडब्ल्यूडी परिसर में करीब 500 मीटर नाली का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है नाली निर्माण के लिए टेंडर नहीं कराया गया है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई। राबर्ट्सगंज नगर निवासी आलोक कुमार और सुरेश का कहना है कि लोक निर्माण कालोनी परिसर में बरसात के दिनों में जलजमाव हो जाता है। इससे कालोनी के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके निजात के लिए नाली का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि नाली का निर्माण बिना टेंडर निकाले ही कराया जा रहा है। उनका कहना है कि मामले की शिकायत विभागीय उच्चाधिकारियों से मौखिक रूप से की गई है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनीष यादव का कहना है कि जल निकासी के लिए अगर परिसर के अंदर नाली का निर्माण कराया जा रहा है तो किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। फिलहाल इस मामले के बारे में पता कराया जा रहा है।