दुद्धी। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने पिछले दिनों अपहृत की गई आदिवासी किशोरी को सूरत से बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।
मामले की जांच कर रहे दुद्धी पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. राम आशीष यादव ने बताया कि बीते दिनों एक किशोरी को अपहरण कर सूरत ले जाया गया था। वहां से किशोरी को बरामद किया गया है और आरोपी को सूरत से ही छापामार कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी तहीयत उर्फ बच्चा पुत्र मुस्तफा शेख निवासी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया। किशोरी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। बता दें कि हाथीनाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक आदिवासी किशोरी को दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी चार बच्चों का बाप लेकर फरार हो गया था। किशोरी रविवार को अपने मां के साथ दुद्धी बाजार आयी थी, जो कुछ देर बाद आने की बात कहकर अपनी मां को छोड़कर चली गई। जब काफी समय के बाद किशोरी नहीं आयी तो मां अपने घर चली गई। देर रात तक किशोरी जब घर नहीं पहुंची तो पीड़िता की मां ने कोतवाली पहुंच कर न्यायिक गुहार लगाई। किशोरी की मां के तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।