चोपन। भ्रष्टाचार निवारण इकाई मिर्जापुर की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते एक लेखपाल को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। भूमि का स्वरूप बदलवाने (धारा-80) की रिपोर्ट लगाने के लिए यह रिश्वत ली जा रही थी। टीम ने आरोपी लेखपाल को चोपन थाने के सुपुर्द कर दिया। पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासन की ओर से दो राजपत्रित अधिकारियों को भी लगाया गया था।
कोटा ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान पवन जायसवाल ने भ्रष्टाचार निवारण इकाई (एंटी करप्शन) में शिकायत की थी। उनका कहना था कि ग्राम पंचायत में एक जमीन की धारा-80 के लिए आवेदन किया था। लेखपाल राजकुमार मिश्र की ओर से इसकी रिपोर्ट लगाने में आनाकानी की जा रही थी। वह 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत पर मिर्जापुर के एंटी करप्शन इकाई के प्रभारी विनय सिंह के नेतृत्व में टीम शुक्रवार को सोनभद्र पहुंची। शिकायतकर्ता को लेकर टीम तेलगुड़वा तिराहे के पास पहुंची। यहां लेखपाल रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेने के लिए एक ढाबे में पहुंचा था। टीम दूर से ही उस पर नजर रख रही थी। जैसे ही उसने रिश्वत के रुपये पकड़े, टीम ने दबोच लिया। टीम ने उसका हाथ धुलवाया तो नोटों में लगे केमिकल के कारण लेखपाल की हथेलियां लाल हो गईं। टीम उसे लेकर चोपन थाने पहुंची। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त डीआरडीए के पीडी आरएस मौर्य और उपायुक्त उद्योग आरपी गौतम मौजूद रहे। इस संदर्भ में चोपन थाना प्रभारी विजय चौरसिया ने बताया कि कम्हारी निवासी लेखपाल राजकुमार मिश्र को 20 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
चार दिन पहले ही निलंबित हो गया था लेखपाल
चोपन। जिस लेखपाल को एंटी करप्शन इकाई ने रिश्वत लेते दबोचा है, उसे चार दिन पहले ही निलंबित कर दिया गया था। कोटा ग्राम पंचायत में खातेदारों का खतौनी से नाम गायब करने की शिकायत लेकर आए दिन किसान ओबरा तहसील का चक्कर लगा रहे थे। आराेप था कि लेखपाल प्राइवेट व्यक्ति के माध्यम से अंश निर्धारण व खतौनी ठीक कराने के नाम पर धनउगाही कर रहा था। वर्तमान समय में कोटा ग्राम पंचायत में कुल लगभग 25000 गाटा है, जिसमें 50 प्रतिशत से अधिक लोगों की खतौनी गड़बड़ है। इस संदर्भ में ओबरा एसडीएम विवेक सिंह ने बताया कि खतौनी गड़बड़ी की शिकायत मिलने के आधार पर कोटा लेखपाल राजकुमार मिश्र को चार दिन पहले ही निलंबित कर दिया गया है। नए लेखपाल कुलदीप को भेजा गया है। जल्द ही किसानों की खतौनी सही करा दी जाएगी।