शक्तिनगर/सिंगरौली। एनसीएल की दुद्धिचुआ परियोजना क्षेत्र के बीजीआर कंपनी में मंगलवार को ओवर वर्डेन हटाने के काम में लगे डंपर को लोड करने के दौरान हादसा हो गया। जिससे एक श्रमिक की मौत हो गई। श्रमिक की मौत के बाद ड्यूटी पर तैनात अन्य श्रमिकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान मोरवा पुलिस व एनसीएल सुरक्षा टीम मौके पर पहुंचकर नाराज श्रमिकों को शांत करायी। एनसीएल की दुद्धीचुआ परियोजना के इस्ट सेक्सन में डंपर लोड करने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ जिससे ऑपरेटर श्रीनाथ केवट(48 ) पुत्र रामअवतार केवट निवासी रामनगर थाना अमिलिया जिला सीधी की मौके पर मौत हो गई। पहुंचे बीजीआर कंपनी के अधिकारियों ने अन्य श्रमिकों को यह बात किसी से नहीं बताने की धमकी देते रहे, लेकिन गुस्साए श्रमिकों ने कंपनी के अधिकारियों की नहीं सुनी और श्रमिक की मौत को लेकर कंपनी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे मामले को शांत कराया। श्रमिक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों व श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।