अंबारी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के डीह कैथौली गांव में सोमवार रात हल्दी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। पिस्टल से चली गोली युवक के पेट में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे पहले जौनपुर के शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। पीड़ित के नाना छोटेलाल ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि रात करीब 10.30 बजे गांव का ही आक्रोश गुप्ता मौके पर पहुंचा और उनके नाती सत्यम गुप्ता निवासी फुलवरिया, थाना अहरौला पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायल को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। इस मामले में दीदारगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष निरीक्षक जय प्रकाश यादव के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला हर्ष फायरिंग का प्रतीत हो रहा है, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।