सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मनगर में एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह पुलिस भर्ती परीक्षा देकर घर लौटा और उसके बाद ही कहीं चला गया। परिजनों ने मामले में दो युवकों की भूमिका को संदिग्ध बता तहरीर दी है।
परिजनों के अनुसार संत नगर घुरमा निवासी राकेशदेव पांडेय का पुत्र अंशु बृहस्पतिवार को परीक्षा देने के लिए मिर्जापुर गया था। वहां से शाम वह घर पर लौटा। पुलिस को तहरीर में उसके चाचा रामेश्वर ने बताया कि परीक्षा देकर घर आए अंशु को दो युवक घर के समीप स्थित तालाब के पास ले गए। वहां पार्टी करने लगे। वहीं उसके भतीजे पर शराब पिलाने का दबाव बनाने लगे। इसके बाद उसे तालाब में नहाने के लिए ले गए। संदिग्ध परिस्थितियों में वो डूब गया। युवकों का एक अन्य साथी घर पर सूचना देने आया। जब वे पहुंचे तो काफी खोजबीन के बाद उसका शव मिला। परिजनों ने दोनों युवकों की भूमिका पर सवाल उठाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।