सोनभद्र। दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कार्य स्थल से लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में डीपीआरओ ने बभनी के एक ग्रााम सचिव को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा रिचार्ज पिट के निर्माण की खराब प्रगति पर दो ग्राम सचिवों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की भी संस्तुति की गई है। दो दिन पहले दस एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि के बाद इस कार्रवाई से पंचायती राज विभाग में खलबली मच गई है।
बभनी ब्लाक में तैनात रवि गौतम के विरुद्ध लगातार शिकायत मिल रही थी। रिचार्ज पिट का काम 50 फीसदी भी नहीं कराया गया था। शौचालय व आवास निर्माण की प्रगति भी खराब रही। एसएलवीएम की कार्ययोजना तैयार नहीं की गई थी। बार-बार हिदायतों के बावजूद कार्य में सुधार की बजाय अनुशासनहीनता करते हुए ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहने पर डीपीआरओ ने रवि गौतम को निलंबित कर दिया है। उसके विरुद्ध अन्य कार्रवाई के लिए भी उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। उधर, चतरा ब्लाक में तैनात राजेश कुमार की ओर से रिचार्ज पिट के संबंध में भ्रामक सूचनाएं दी गई थीं। वहींं दुद्धी में तैनात विजय बहादुर की ओर से भी रिचार्ज पिट बनवाने में रूचि नहीं दिखाई जा रही थी। इन दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। डीपीआरओ ने बताया कि गांवों का विकास शासन की प्राथमिकता में है। इसकी नियमित निगरानी की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।