रॉबर्ट्सगंज घोरावल मार्ग बस स्टैंड के समीप गणेश महोत्सव पूजा पांडाल की भव्य प्रतिमा। संवाद
अनपरा। बारिश के कारण खराब हुई सड़कों की मरम्मत के निर्देश के बावजूद अभी महकमा सुस्त है। नगर क्षेत्र में पड़ने वाले हाईवे के गड्ढों को नहीं भरा गया है। सुस्ती ऐसे ही बनी रही तो आगामी त्योहारों में श्रद्धालुओं को हिचकोले खाते हुए पंडालों तक पहुंचना पड़ेगा और प्रतिमाओं का विसर्जन भी इन्हीं गड्ढों से होकर करना पड़ेगा। इस दौरान दुर्घटना का खतरा है। सिंगरौली बॉर्डर से लेकर करहिया तक और औड़ी मोड़ से लेकर बासी तक बारिश के पूर्व भी गड्ढे बन गए थे। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव होने से हाईवे के गड्ढे डेढ़ से दो फीट तक हो गए हैं। इसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। त्योहारों का सीजन भी शुरू हो चुका है। ऐसे में ये गड्ढे लोगों को आवागमन में काफी दर्द देंगे। शासन ने बारिश में बने गड्ढों को जल्द से जल्द भरने के निर्देश दिए थे, ताकि आगामी त्योहारों में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके बावजूद अब तक गड्ढों को भरने और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है। आज विश्वकर्मा पूजा पर लोगों की भीड़ परियोजनाओं में स्थापित भगवान विश्वकर्मा को देखने पहुंचेगी। इसके बाद सभी मूर्तियों का विसर्जन भी होगा। अगले महीने दुर्गा पूजा भी शुरू होने वाला है, अगर समय से गड्ढों को नहीं भरा गया तो दुर्गा पूजा और दिवाली में लोगों को फिर गड्ढों से होकर बाजार में खरीदारी, रामलीला और मेला देखना पड़ेगा।