बभनी। थाना क्षेत्र के चौना गांव में बृहस्पतिवार को भोर में लघुशंका करने के लिए निकले व्यक्ति की सर्पदंश से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार बालदेव (40) पुत्र बुद्धू निवासी चौना भोर में लघुशंका करने के लिए घर से बाहर निकला। इसी दौरान उसे सर्प ने डस लिया। इसके बाद वह चिल्लाने लगा। चीख-पुकार सुनकर घर के लोग दौड़े और सभी को उसने सर्प के डसने की बात बताई। घरवालों ने आस-पास के लोगों को बताया लोग इसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। अस्पताल ले जाते इतने में बालदेव की मौत हो गई। मौत होते ही घर में चीख-पुकार शुरू हो गई। औरत मानमती का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। मृतक के पांच लड़कियां और एक लड़का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।