ओबरा वन प्रभाग के डाला वनरेंज अन्तर्गत स्थित बिल्ली मारकुण्डी के लंगड़ा मोड़ पर पौधरोपण करते लो
- फोटो : ARchive
डाला। ओबरा वन प्रभाग के डाला वन रेंज अंतर्गत बिल्ली मारकुंडी के लंगड़ा मोड़ पर मंगलवार को मुख्य वन संरक्षक मिर्जापुर सुशांत शर्मा ने पौधरोपण कर मिश्रित वन की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि 0.55 हेक्टेयर वन भूमि पर 20 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। इसे तीन वर्षों में सघन वन के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रभागीय वनाधिकारी ओबरा दिलीप कुमार तिवारी ने बताया कि रेड मड, राख और मिट्टी डालकर गहरी वन भूमि को पाटा गया है। इस भूमि पर सघन पौधरोपण किया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट को विकसित करने में उत्तर प्रदेश वन विभाग, मध्य प्रदेश के भारतीय वन प्रबंधन संस्थान और रेणुकूट स्थित भारतीय एल्युमिनियम संघ का संयुक्त प्रयास रहा है। उन्होंने बताया कि पौधों की सुरक्षा के लिए परियोजना स्थल के चारों ओर लोहे की जाली से घेरा बनाया गया है। डाला वन रेंजर इंद्रजीत पाल ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के नियमित रखरखाव और सिंचाई के लिए वन रक्षक की तैनाती की गई है। मिश्रित वन में आम, अमरूद, जामुन, महुआ, आंवला, शीशम, सागौन और चिलबिल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इस अवसर पर एसीओ मयंक पांडेय, एसडीओ कपिल कुमार, प्रोजेक्ट हेड राजेश कपूर, अनिल सिंह, सत्यजीत आचार्य, विनीत कुमार, डॉ. संजय बाला, डॉ. गजेंद्र सिंह और अंकित देवतवाल सहित अन्य मौजूद रहे।