सोनभद्र। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए एक नवंबर को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 16 अक्तूबर को करमा और 17 को चतरा ब्लॉक सभागार में कैंप लगाए जाएंगे। एडीआर भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल ने बृहस्पतिवार को मीडिया को बताया कि मेगा शिविर का आयोजन विकास भवन परिसर स्थित जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर में होगा। इसमें सचिव ने निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाओं, बच्चों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, निर्धन व्यक्तियों तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इससे पहले ब्लॉक स्तर छोटे जागरूकता शिविर लगाकर लाभार्थियों की पहचान, पंजीकरण और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी क्रम में करमा और चतरा ब्लॉक सभागार में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान’ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत लंबित वादों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। यह अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, घरेलू हिंसा, ऋण वसूली, भूमि अधिग्रहण और अन्य उपयुक्त मामलों को मध्यस्थता के जरिए सुलझाए जा सकते हैं।