संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। सीडीओ सौरभ गंगवार ने अभियान के तहत सभी विभागों को गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। कहा कि जहां मच्छर का लार्वा मिलेगा उन घरों की सूची बनाकर देनी होगी।
उन्होंने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि बुखार के रोगियों, आईएलआई (इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं कालाजार आदि लक्षणयुक्त व्यक्तियों का नाम एवं मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड कराएं।
इसी के साथ क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची भी तैयार कराएं, जहां घरों के भीतर मच्छरों का लार्वा पाया गया हो। निर्धारित प्रपत्र पर फ्रंटलाइन वर्कर्स सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं। अप्रैल में संपन्न संचारी अभियान के माॅनिटरिंग डाटा की समीक्षा करते हुए उन्होंने बाल विकास विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग को जुलाई के अभियान में बेहतर प्रदर्शन के लिए निर्देशित किया।
चिकित्सा शिक्षा, खाद्य सुरक्षा और पशु चिकित्सा विभाग के जनपदीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माह जुलाई में एक्यूट डायरियल डिजीजेज (दस्त रोग) के संचरण की संभावना के मद्देनजर फ्रंटलाइन वर्कर्स अपने साथ ओआरएस पैकेट और क्लोरीन की गोलियां भी रखें, ताकि जरूरत पर तत्काल दवा दी जा सके।
प्रत्येक परिवार को आभा सृजन से अनिवार्य रूप से संतृप्त किया जाए। बैठक में सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, बीएसए नवीन पाठक, डीपीआरओ नमिता शरण, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।