बभनी। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) गाजीपुर और बभनी पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए सब्जियों की आड़ में ले जाई जा रही 50 किलो 500 ग्राम गांजे की खेप बरामद की। मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में ले लिया गया। सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक पिकअप प्रयागराज और कौशांबी की ओर जा रही है। सूचना पर बभनी थाना क्षेत्र के कारीडाड गांव स्थित सेवाकुंज आश्रम के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। शाम करीब छह बजे संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सब्जियों की आड़ में छिपाकर रखा गया 50.5 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार चालक की पहचान पवन पाल (28) पुत्र अवध नारायण पाल निवासी गोहानी कलां थाना चरवां जिला कौशांबी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज, कौशांबी समेत अन्य जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बरामदगी के आधार पर बभनी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। गांजा और पिकअप वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है।