रामगढ़। स्थानीय क्षेत्र में रविवार की शाम अचानक तेज आई आंधी में पेड़ गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए पीएचसी तियरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायलोें की हालते देख उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रविवार को शाम साढ़े पांच बजे तेज आंधी आई। इसी बीच प्रभावती पत्नी शंकर यादव निवासी डुमरिया थाना रामपुर बरकोनिया अपने मायके गढ़वा से अरविंद (21) पुत्र रामदुलार निवासी गढ़वा, चंदौली के साथ बाइक से आ रही थी। अभी वह अइलाई गांव के पास ही पहुंचे थे कि तेज आंधी आ गई। इसी बीच सड़क के किनारे स्थित एक पुराना पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में वह दोनों आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तियरा पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।