रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के साइबर हेल्प टीम ने एक महिला के खाते से उड़ाए गए 99 हजार वापस कराने में सफल रही है। पुलिस ने बताया कि सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर निवासी निधि मौर्य ने साइबर सेल को आठ जुलाई को सूचना दी कि साइबर अपराधियों ने उसके खाते से दो बार 25-25 हजार और एक बार 49000 हजार रुपये उड़ा दिए। साइबर सेल शाखा के प्रभारी के निर्देश पर राबर्ट्सगंज कोतवाली के साइबर हेल्प डेस्क के प्रभारी साहिद यादव, कांस्टेबल वर्षा चौधरी और अमन यादव ने बैंक से संपर्क कर पीड़िता के खाते से गायब रुपये जिस खाते में गया था उसका पता लगाया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि टीम रुपये वापस कराने में सफल रही। कहा कि साइबर अपराधियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति कॉल कर बैंक का अकाउंट समेत अन्य पर्सनल जानकारी मांगता है तो कदापि न दें।