बभनी ब्लाक सभागार में वनाधिकार जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्या सुनते एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक
बभनी। दुद्धी तहसील में वनाधिकार अधिनियम के तहत प्रस्तुत 13675 दावों में से 9856 निरस्त कर दिए गए, जबकि 3819 को स्वीकृति देते हुए पट्टा आवंटित किया गया। निरस्त दावों के आवेदक नियमानुसार अपील कर अपना पक्ष दोबारा रख सकते हैं। सोमवार को बभनी ब्लॉक सभागार में आयोजित जन चौपाल में यह जानकारी दी गई। राज्य अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीतसिंह खरवार और अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंदजी के नेतृत्व में आयोजित चौपाल में वनाधिकार अधिनियम और ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान लंबित दावों की स्थिति, स्वीकृत पट्टों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने और लाभार्थियों को खतौनी वितरित करने की प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017 से पहले 3664 और वर्ष 2017 के बाद 3622 पट्टे स्वीकृत किए गए। आवंटित पट्टों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने और लाभार्थियों को खतौनी उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा जन्म प्रमाणपत्र बनवाने में ग्रामीणों को हो रही परेशानी और लंबित आवेदनों की जानकारी ली गई। अधिकारियों से लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता, एसडीओ वन विभाग अखिलेश पटेल, खंड विकास अधिकारी मुनीष कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार भदौरिया, उत्तर प्रदेश वन निगरानी समिति के सदस्य देवनारायण सिंह खरवार, जिला संगठन मंत्री रवींद्र कुमार और वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे सहित अन्य मौजूद रहे। जन चौपाल में खैराडीह निवासी रामलाल ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि वह वर्ष 2017 से वरासत के लिए परेशान हैं। इस दौरान कई लेखपाल आए और चले गए, लेकिन अब तक वरासत नहीं हुई। इस पर उपजिलाधिकारी ने जल्द वरासत कराने का आश्वासन दिया।