अनपरा। कृष्णशिला परियोजना द्वारा मंगलवार की शाम बीना इंटरमीडिएट कालेज खेल मैदान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक अमरनाथ पाण्डेय व बीना परियोजना के महाप्रबंधक राजेंद्र राय ने द्वीप प्रज्ज्वलन एवं कवियों को शाल तथा बुके प्रदान कर किया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। हास्य व्यंग के कवि सुरेन्द्र यादवेन्द्र ने हनुमंता तो हर धड़कन में जिंदा है, समेत अन्य काव्य पाठ कर खूब ठिठोली की। वीर रस के कवि अब्दुल गफ्फार खां ने भारत में भारत मां का बनकर रहना होगा, की प्रस्तुति की। निशा आनंद तिवारी ने तुझसे मिलकर के अब मैं संवर जाऊंगी, याद करके तुझे मैं निखर जाऊंगी, आदि गीत की मनोरम प्रस्तुति की। शृंगार रस की नम्रता श्रीवास्तव ने मैंने जन्नत को अपने मां के आंचल में देखा है, की रोचक प्रस्तुति की। हास्य कवि आनन्द राज आन्नद हे बाबा वो नारी का दर्शन किया करें, की प्रस्तुति की। एनसीएल के उभरते कवि पाणी पंकज पांडेय ने मैं जो चाहूं कलम को भी तलवार बना सकता हूं कि ओजभरी काव्य पाठ किया। कार्मिक अधिकारी के पी शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कवि सम्मेलन का समापन किया गया।