रेणुकूट। जिले के हिंडाल्को स्टाफ क्लब, रेणुकूट परिसर में सोनभद्र ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वाधान में जिला स्तरीय कलर बेल्ट परीक्षा 2019 का आयोजन हुआ। इसमें रेणुकूट के करीब 20 खिलाड़ियों की कलर बेल्ट की परीक्षा ली गयी। ताइक्वांडो की खिलाड़ियों के बेल्ट परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों ने अनेकों हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां एवं सराहना बटोरी। सब जूनियर वेट कैटेगरी के छोटे-छोटे नौनिहाल बच्चों ने ताइक्वांडो ब्रेकिंग आर्ट के प्रदर्शन के तहत किक प्रहार से लकड़ी के बोर्ड तोड़ने का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। काल्पनिक फाइट पुमसे एवं प्रत्यक्ष फाइटिंग प्रदर्शन क्योरिगी का जीवंत प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि स्टाफ क्लब के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, विशिष्ट अतिथि अजीत अस्थाना ने विगत परीक्षा में पास खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र दे कर सम्मानित किया। अस्थाना ने इस कला को और भी बेहतर तरीके से संचालित किए जाने की आवश्यकता और हर संभव मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने का आश्वासन दिया। साथ ही इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संस्था के पदाधिकारियों को बधाइयां दी। संस्था के सचिव संतोष कुमार यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन रेणुकूट के प्रशिक्षक राहुल कुमार गुप्ता ने किया। यहां राबर्ट्सगंज के प्रशिक्षक मनीष यादव व अनपरा के प्रशिक्षक मनोज कुमार के साथ संस्था के अखिलेश मिश्रा, लवकुश तिवारी व गजानंद शर्मा मौजूद रहे।